मिर्जापुर की सफलता के बाद अली फजल को एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट मिला है। ई.एम. फोर्स्टर के क्लासिक उपन्यास 'अ पैसेज टू इंडिया' पर आधारित पांच भागों की नई टीवी सीरीज की घोषणा की गई है। एमी अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर रिची मेहता इस सीरीज के लेखक और निर्देशक हैं। सीरीज की शूटिंग भारत में होगी और इसमें भारतीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी नजर आएंगे।
अली फजल इस सीरीज में डॉ अजीज का किरदार निभाएंगे, जो एक भारतीय डॉक्टर हैं। 1920 के दशक में ब्रिटिश शासन के दौरान भारत में चल रहे सामाजिक और राजनीतिक तनाव के बीच उनकी जिंदगी अचानक बदल जाती है। अजीज मानते हैं कि अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों के बीच भी सच्चे रिश्ते बन सकते हैं, लेकिन एक विवादित घटना के बाद उनके इस विश्वास की परीक्षा होती है। इसके बाद शुरू होने वाली कानूनी लड़ाई में समाज में गहराई तक फैले भेदभाव और सत्ता से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं।
सीरीज में अली के साथ कई जाने-माने अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी हैं। टॉम माइसन फील्डिंग का किरदार निभाएंगे, जो एक टीचर हैं और अजीज के करीबी बन जाते हैं। बाफ्टा अवॉर्ड विजेता एक्ट्रेस फियोना शॉ मिसेज मूर की भूमिका में दिखाई देंगी। ग्वालिन ली उनके बेटे रोनी का किरदार निभाएंगे और क्लेर ह्यूज्स अदेल की भूमिका में नजर आएंगी। एडेला की भारत यात्रा कहानी की कई अहम घटनाओं की वजह बनती है।
भारतीय कलाकारों में नसीरुद्दीन शाह गोडबोले का किरदार निभाएंगे, जो एक एजुकेशनिस्ट होने के साथ आध्यात्मिक सोच भी रखते हैं। शहाना गोस्वामी अमृत राव की भूमिका में दिखाई देंगी, जो एक सफल वकील हैं और भारत में कानून के पेशे में आने वाली शुरुआती महिलाओं में से एक हैं। दानिश हुसैन हमीदुल्लाह का किरदार निभाएंगे, जो अजीज के चाचा और उनके करीबी विश्वासपात्र हैं, हालांकि अंग्रेजी शासन को लेकर उनकी सोच अजीज की उम्मीदों से काफी अलग है। अली ने 'विक्टोरिया एंड अब्दुल' जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
