नई दिल्ली: हर व्यक्ति का सपना अपना खुद का घर होता है। कोई अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी इसमें लगाता है, तो कोई लोन लेकर मकान खरीदता है। लेकिन सवाल यह है कि मकान कब खरीदना चाहिए? निवेशक और विज्डमहैच के फाउंडर अक्षत श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस बारे में अपनी राय दी है।

अक्षत श्रीवास्तव के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति के पास 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश पोर्टफोलियो है और वह आर्थिक रूप से मजबूत स्थिति में है, तो वह अपना मकान खरीदने पर विचार कर सकता है। उनका कहना है कि ऐसे लोग अपनी कुल नेटवर्थ का करीब एक-तिहाई हिस्सा मकान खरीदने में लगा सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मकान ऐसी संपत्ति है जिसे लोग आमतौर पर सबसे आखिर में बेचने के बारे में सोचते हैं। शेयर बाजार में निवेशक 3 से 5 साल के रिटर्न पर नजर रखते हैं, लेकिन मकान खरीदने के फैसले को बार-बार मिलने वाले रिटर्न के आधार पर आंकना सही नहीं है। उनके अनुसार, रहने के लिए खरीदे गए मकान का फायदा लंबे समय में मिलता है, इसलिए इसे सिर्फ निवेश की कमाई के नजरिए से नहीं देखना चाहिए। अगर कोई अच्छी क्वालिटी की प्रॉपर्टी खरीदकर लंबे समय तक अपने पास रखता है, तो उससे महंगाई के असर को पीछे छोड़ने वाला रिटर्न मिल सकता है। उन्होंने फ्लैट के बजाय स्वतंत्र मकान खरीदने की बात कही है।

अक्षत का कहना है कि मकान खरीदने से निवेश अलग-अलग एसेट क्लास में बंट जाता है। अगर किसी का ज्यादातर पैसा शेयर बाजार में लगा है, तो मकान खरीदने से उसकी संपत्ति का एक हिस्सा रियल एस्टेट में भी हो जाता है। उन्होंने यह भी माना कि हर व्यक्ति के लिए घर खरीदना जरूरी नहीं है, लेकिन जो आर्थिक क्षमता रखता है और इस फैसले को लेकर असमंजस में है, वह घर खरीदने पर विचार कर सकता है। भारत में प्रॉपर्टी खरीदने पर स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी और टीडीएस जैसे खर्च भी जुड़ते हैं, जिनकी जानकारी खरीदार को पहले से होनी चाहिए।