एक कंपनी के फाउंडर विशाल सिंह का ऑफिस में कर्मचारियों को दिए गए भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भाषण की शुरुआत में ऐसा लगा कि वह किसी कर्मचारी को निकालने की बात करने वाले हैं, लेकिन आगे उन्होंने कहा कि किसी को कंपनी से निकालना आखिरी कदम होता है और यह फैसला लेना आसान नहीं होता।
विशाल सिंह ने कहा कि जिस दिन उन्होंने किसी को निकालने के बारे में सोचा, वह दो-तीन दिन ठीक से सो नहीं पाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी के घर का खर्चा, रेंट और मां-बाप को भेजे जाने वाले पैसे एक तय आय से जुड़े होते हैं, और ऐसे में किसी को कहना कि कल से न आएं, कई चीजों को बिगाड़ सकता है।
फाउंडर ने आगे कहा कि निकालने से पहले वह कर्मचारी को सुधरने और मेहनत दिखाने का मौका देते हैं। उनके मुताबिक, एक-दो-तीन बार समझाने के बाद भी बात न बने तो मेल चला जाता है, और मेल जाने के बाद वह समझाने के लिए सामने नहीं होते। उन्होंने कहा कि ऑफिस में किसी को डरकर नहीं रहना चाहिए और यह जगह हमेशा घर-परिवार जैसी रहेगी।
विशाल सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कई बार लीडरशिप को कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं और नेतृत्व का मतलब यही होता है। उनकी इस बात को यूजर्स कमेंट सेक्शन में सराह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि शुरुआत में लगा था कि कर्मचारी को निकाल ही दिया जाएगा, जबकि दूसरे यूजर ने कहा कि हर फाउंडर ऐसा नहीं होता।
