पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ऑरा टूर को लेकर सुर्खियों में हैं। व्यस्त शेड्यूल से थोड़ा समय निकालकर वे गुजरात के जूनागढ़ स्थित प्रसिद्ध गिरनार पर्वत पहुंचे। अहमदाबाद कॉन्सर्ट से ठीक पहले उन्होंने यहां मंदिर में दर्शन किए और भगवान के सामने माथा टेककर आशीर्वाद लिया। गिरनार पर्वत हिंदू और जैन धर्म के लोगों के लिए बेहद पवित्र धार्मिक स्थल माना जाता है।
बुधवार को दिलजीत ने सोशल मीडिया पर अपनी इस यात्रा की कुछ झलकियां शेयर कीं। वीडियो में उनके साथ उनकी पूरी टीम और कुछ बाउंसर्स भी नजर आ रहे हैं। दिलजीत ने बताया कि वे यहां गिरनार मंदिर में रोपवे से आए, लेकिन उनका मन था कि वे सीढ़ियों से चढ़कर मंदिर तक पहुंचते। वीडियो में वे कहते सुनाई देते हैं कि यह पर्वत हिमालय से भी पुराना है और वे सीढ़ियां चढ़कर आना चाहते थे। इसके बाद वे मंदिर में पूजा करते दिख रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म 'रामायण' की श्री हनुमान चालीसा सुनाई दे रही है।
वीडियो के कैप्शन में दिलजीत ने गिरनार पर्वत के बारे में जानकारी देते हुए लिखा कि यह पर्वत करीब 66 मिलियन साल पुराना है।
गुजरात में रहते हुए दिलजीत ने सिर्फ धार्मिक स्थलों के दर्शन ही नहीं किए, बल्कि जंगल सफारी का भी मजा लिया। इससे पहले वे अपनी टीम के साथ गिर राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे थे, जहां उन्होंने खुली जीप में जंगल की सैर की और शेरों समेत कई जंगली जानवरों को करीब से देखा। इस दौरान वे हाथ में कैमरा और दूरबीन लिए भी दिखे।
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' पर हैं, जिसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक शो के साथ हुई। इसी सिलसिले में वे 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाइव परफॉर्म करने वाले हैं।
