रायपुर: छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बड़े कारोबारी समूहों के ठिकानों पर छापेमारी की है। बुधवार सुबह से राजधानी रायपुर के साथ रायगढ़ और बिलासपुर में एक साथ यह कार्रवाई चल रही है। रायगढ़ के उद्योगपति कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर भी जांच हो रही है। कार्रवाई से औद्योगिक और कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें दोनों उद्योगपतियों के आवास, कार्यालयों और औद्योगिक परिसरों में दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। कमल अग्रवाल से जुड़े रायगढ़ इस्पात, सन स्टील और बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर अधिकारी पहुंचे हैं। बर्बरीक ग्रुप के संचालक श्रवण अग्रवाल के रायपुर स्थित आवास पर भी टीम ने दबिश दी है। कारोबारी लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल खातों की बारीकी से जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, आयकर संबंधी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद यह व्यापक कार्रवाई की गई है। हालांकि, विभाग ने छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के लिए 100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग जिलों में एक साथ जांच कर रही हैं। भोपाल और रायपुर की आयकर टीमों के संयुक्त रूप से शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए आयकर विभाग की टीमों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं। फिलहाल रायपुर, रायगढ़ और बिलासपुर में कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विभाग को किन दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं तथा आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।