आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की मालिकाना हिस्सेदारी में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम के सह-मालिक जय मेहता अपनी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी में से 22.5 प्रतिशत हिस्सा अमेरिकी निवेश प्रबंधन कंपनी एरेस मैनेजमेंट को बेचने जा रहे हैं। एरेस मैनेजमेंट के पास इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब चेल्सी और एनएफएल टीम मियामी डॉल्फिंस का भी मालिकाना हक है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा करीब 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,730 करोड़ रुपये) में होने की बात कही जा रही है। इसके आधार पर केकेआर का कुल मूल्यांकन 1.78 बिलियन डॉलर (16,634 करोड़ रुपये) आंका गया है। यह कीमत हाल ही में बिकी अन्य फ्रेंचाइजियों के करीब है, जिनमें राजस्थान रॉयल्स 15,660 करोड़ रुपये और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 16,660 करोड़ रुपये में बेची गई थीं।

केकेआर में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के पास सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो आगे भी उनके पास बनी रहेगी। साल 2007 में बीसीसीआई की पहली आईपीएल नीलामी में शाहरुख खान, जूही चावला और जय मेहता ने कोलकाता नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए यह फ्रेंचाइजी खरीदी थी।

बताया जा रहा है कि जय मेहता और एरेस मैनेजमेंट के बीच यह पूरी तरह नकद डील है, जो अंतिम चरण में है। इस सौदे के लिए बीसीसीआई की औपचारिक मंजूरी जरूरी होगी, जो नए मालिक की जांच-पड़ताल करेगा। नियमों के तहत ट्रांजैक्शन वैल्यू का 5 प्रतिशत हिस्सा बीसीसीआई को मिलेगा, जिससे बोर्ड को करीब 20 मिलियन डॉलर (लगभग 200 करोड़ रुपये) मिलने की बात कही जा रही है। गौरतलब है कि केकेआर ने 2012, 2014 और 2024 में आईपीएल खिताब जीता है, जबकि 2021 में टीम उपविजेता रही थी।