वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने क्लर्क ग्रेड-III, स्टोर इश्यू क्लर्क ग्रेड-III और जूनियर डेटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 514 पदों के लिए भर्ती निकाली है। यह भर्ती कंपनी के आंतरिक कर्मचारियों के लिए है। कंपनी कोयला मंत्रालय के अधीन कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी है। आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर से ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 1 दिसंबर है।
पदों का ब्योरा देखें तो क्लर्क ग्रेड-III के 422, स्टोर इश्यू क्लर्क ग्रेड-III के 44 और जूनियर डेटा एंट्री ऑपरेटर (T&S ग्रेड-E) के 48 पद भरे जाएंगे। आवेदन कंपनी की वेबसाइट westerncoal.in पर संवर्धनपथ ऑनलाइन पोर्टल के जरिए स्वीकार किए जा रहे हैं। इच्छुक कर्मचारी वेबसाइट पर डिपार्टमेंटल सेलेक्शन ऑप्शन में जाकर संवर्धन पाथ का लिंक पा सकते हैं।
योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। साथ ही शर्त यह है कि अभ्यर्थी ने WCL में तीन साल काम किया हो और वह कंपनी में स्थायी कर्मचारी हो। ये योग्यताएं 1 दिसंबर 2026 तक पूरी होनी चाहिए। जो कर्मचारी पहले से उस पद पर कार्यरत हैं, जिसका वर्तमान ग्रेड पे शुरुआती बेसिक से अधिक है, वे इस भर्ती में शामिल नहीं हो सकेंगे। उम्र सीमा संबंधी जानकारी नहीं दी गई है।
चयन प्रक्रिया पद के अनुसार अलग-अलग होगी। क्लर्क ग्रेड-III और स्टोर इश्यू क्लर्क ग्रेड-III के लिए पहले कॉमन एप्टीट्यूड टेस्ट होगा, जिसमें 100 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। इसे पास करने वालों को कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट भी क्वालिफाई करना होगा, जिसमें एमएस वर्ड, पावरपॉइंट और एक्सल से जुड़े सवाल होंगे। इन पदों की मेरिट लिस्ट एप्टीट्यूड टेस्ट, कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर बनेगी। जूनियर डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कंप्यूटर एप्लीकेशन आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट के बाद टाइपिंग टेस्ट होगा और चयन में इन्हीं दोनों के स्कोर देखे जाएंगे।
