उज्जैन के गीता भवन में 17 नवंबर को स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर सीएम ने शहर के सभी 3000 सफाई मित्रों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभालने के बाद लालकिले से स्वच्छता के लिए बड़े अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश को 27 में से 9 पुरस्कार मिले हैं और राज्य देश के सबसे स्वच्छ राज्यों में सबसे आगे है।
सीएम ने कहा कि मालवांचल लगातार स्वच्छ शहरों की सूची में अग्रणी बना हुआ है। इंदौर के साथ अब देपालपुर ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में झंडे गाड़े हैं। देपालपुर पुराने सर्वे में 1700वें स्थान पर था, लेकिन अब नंबर-1 बना है। इंदौर भी 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में लगातार दूसरी बार द्वितीय स्थान पर आया है। उज्जैन और देवास को भी अलग-अलग श्रेणियों में स्वच्छता पुरस्कार मिले हैं। चंबल में ग्वालियर, महाकौशल में जबलपुर, विंध्य में रीवा और मध्य में बुधनी ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में नया मुकाम बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने 5000 वर्ष पूर्व स्वच्छता का संदेश दिया था कि जितना पुण्य भोजन कराने में है, उससे अधिक पत्तल उठाने में है। उन्होंने कहा कि दीपावली भी स्वच्छता का संदेश देती है, जहां महालक्ष्मी के साथ झाड़ू का भी पूजन होता है। स्वच्छता की प्रेरणा प्रकृति और पेड़-पौधों से भी मिलती है। सीएम ने कहा कि साफ-सफाई रखना हम सभी का उत्तरदायित्व है और आने वाले समय में यह क्रम चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि उज्जैन में गीले कचरे को प्रोसेस्ड कर बिजली तैयार की जा रही है, जबकि फूलों से अगरबत्ती बनाने, सूखे कचरे को ईंधन बनाने और वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट जैसे कार्य भी महत्वपूर्ण हैं।
