सीहोर जिले में नर्मदापुरम-बुधनी फोरलेन पर रात के समय एक बाघ सड़क पर दौड़ता नजर आया। बताया जा रहा है कि बाघ ग्रीन कॉरिडोर से निकलकर फोरलेन पर आया था। सड़क से गुजर रहे एक कार चालक ने बाघ की इस गतिविधि को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि बाघ कुछ देर तक फोरलेन पर दौड़ता रहा, जिसके चलते वहां से गुजर रहे वाहन चालकों में हैरानी और सतर्कता का माहौल रहा। इस दौरान गाड़ियां धीरे-धीरे चलीं। कुछ समय बाद बाघ सड़क छोड़कर वापस जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद हाइवे पर गाड़ियों की रफ्तार सामान्य हो गई।
इस इलाके में बाघों का मूवमेंट रहता है, क्योंकि बुधनी और नर्मदापुरम के बीच रातापानी और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व है। इसी वजह से यहां जंगली जानवरों का आवागमन बना रहता है और बाघ रेलवे ट्रैक तक पहुंच जाते हैं। इस क्षेत्र से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर दोनों ओर से फेंसिंग की जा रही है।
सड़क पर बाघ के अचानक दिखने की यह घटना जंगल से सटे मार्गों पर वन्यजीवों के विचरण और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर ध्यान आकर्षित कर रही है।
