जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। एयरपोर्ट थाना पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 9:43 बजे वॉच टावर नंबर-01 के पास एक अज्ञात व्यक्ति बाउंड्री वॉल पर चढ़कर अंदर कूद गया। वॉच टावर पर तैनात CISF की एएसजी यूनिट के एएसआई श्रवण कुमार ने तुरंत हरकत भांपी और रात 9:45 बजे युवक को मौके पर पकड़ लिया।

CISF की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नंद दुलाल दास निवासी पूर्बा नुखा, जिला पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से आधार कार्ड की एक फोटोकॉपी, एक सिम कार्ड और 40 रुपये नकद मिले। पूछताछ में उसने दावा किया कि एयरपोर्ट की बाउंड्री के बाहर कुछ लड़कों के साथ उसका विवाद और मारपीट हो गई थी, जिससे बचने के लिए वह दीवार फांदकर अंदर कूद गया।

यह घटना दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पेरीमीटर क्षेत्र में सामने आ चुके अनधिकृत प्रवेश की घटनाओं के बाद हुई है। बताया गया है कि दिल्ली में ऐसी घटनाओं के बाद बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने, कंटीले तार लगाने और पेरीमीटर इंट्रूजन डिटेक्शन सिस्टम जैसे इंतजाम किए गए थे।

CISF ने आरोपी को एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। एएसआई श्रवण कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई रामराज आरोपी के दावों की सत्यता, उसके आपराधिक रिकॉर्ड और जयपुर आने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।