बिहार के विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 का आयोजन इस बार 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक किया जाएगा। गंगा और गंडक नदियों के संगम के निकट हरिहर क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को राज्य के सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मेला परिसर में एक विशेष फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है, जहां अलग-अलग क्षेत्रों के प्रसिद्ध पकवानों और स्थानीय खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने फूड कोर्ट में सभी 38 जिलों के प्रतिनिधि व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित जिलों के पदाधिकारियों से संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा रहा है। प्रशासन की योजना के मुताबिक, अलग-अलग जिलों की पहचान से जुड़े पारंपरिक पकवानों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को फूड कोर्ट में जगह दी जाएगी। इन फूड कोर्ट में लोग भोजपुर की मशहूर लिट्टी से लेकर मिथिलांचल के खास पिट्ठे तक का स्वाद ले पाएंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सोनपुर मेले को धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजन के साथ बिहार की स्थानीय विरासत और खान-पान को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच बनाना है। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बिहार के विभिन्न इलाकों के स्वाद से परिचित होने का मौका मिलेगा। साथ ही स्थानीय वेंडरों, छोटे कारोबारियों और खाद्य उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक बड़ा मंच भी उपलब्ध होगा। संबंधित जिलों को पत्र भेजकर सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है, और विज्ञापन के माध्यम से इच्छुक वेंडरों व संस्थाओं को भी इस पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने काम तेज कर दिया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्य पंडाल, प्रशासनिक भवन, विशिष्ट अतिथि भवन और विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया और सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से मेला तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा हुई। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले इस लगभग एक महीने के मेले में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, पर्यटन और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
