देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने परियोजना को मंजूरी दे दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की लगभग 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी, जिससे बड़े विमानों के संचालन का रास्ता खुलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर बनेंगे तथा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए किसी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा और निर्माण पर्यावरणीय मानकों तथा स्वीकृति की सभी शर्तों का पालन करते हुए कराया जाएगा।

प्रस्तावित परियोजना के तहत रनवे के साथ टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा, जिसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण प्रस्तावित है। विमान पार्किंग स्थल दो से बढ़ाकर सात किए जाएंगे, जबकि टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या एक-एक से दो-दो की जाएगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री प्रबंधन क्षमता लगभग 10.1 लाख यात्रियों की हो जाएगी और कुल क्षेत्रफल करीब 321.48 हेक्टेयर होगा।

पर्यावरणीय प्रबंधन के तहत 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा और शोधित जल का उपयोग फ्लशिंग तथा बागवानी में होगा। 72 किलोवाट का नया सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिससे कुल सौर क्षमता 160 किलोवाट से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। इसके अलावा 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजी सेट लगाए जाएंगे और करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। स्वीकृति राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (SCEIA) की संस्तुति के आधार पर दी गई है, जिसने परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट, जन सुनवाई की कार्यवाही और पर्यावरण प्रबंधन योजना की समीक्षा की।