उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब हरिद्वार से जोशीमठ जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। जिला प्रशासन के अनुसार बस में लगभग 30 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की सूचना है और 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
एसडीआरएफ के अनुसार मंगलवार सुबह डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि बस संख्या UK09 PA 9779, जो हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी, थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के गूलर के पास गहरी खाई में गिर गई है। बस चमोली जिले की ओर जा रही थी।
सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी, चौकी ब्यासी और अन्य चौकियों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर, थाना प्रभारी मुनिकीरेती और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
अब तक 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 17 घायलों को सड़क तक पहुंचाने के बाद एम्स रेफर किया गया है। घायलों में झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, ऊधमसिंहनगर, रुद्रप्रयाग और चमोली के रहने वाले लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
