प्रयागराज के चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय (CMP डिग्री कॉलेज) ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 33 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। कॉलेज ने 17 नवंबर को अपनी आधिकारिक वेबसाइट recruitment.cmpcollege.ac.in पर यह विज्ञापन जारी किया। भर्ती अभियान के तहत बॉटनी, केमिस्ट्री, कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, एजुकेशन, इंग्लिश, जियोग्राफी, मिडीवल हिस्ट्री, म्यूजिक, फिलॉसफी, फिजिक्स, साइकोलॉजी, जूलॉजी और उर्दू समेत 14 विषयों में नियुक्ति की जाएगी। CMP डिग्री कॉलेज इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालय है।

विज्ञापन के मुताबिक, इस भर्ती के लिए योग्यता UGC रेगुलेशंस 2018 के आधार पर तय की गई है। सामान्य नियमों के अनुसार अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में मास्टर्स की डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंकों या समकक्ष ग्रेड के साथ होनी चाहिए। इसके अलावा UGC NET, CSIR NET या UGC से मान्यता प्राप्त CET/SLET पास होना आवश्यक है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर है। फॉर्म की हार्ड कॉपी 15 दिसंबर तक भेजी जा सकती है।

चयन प्रक्रिया UGC रेगुलेशन 2018 और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार होगी। पहले प्राप्त आवेदनों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, इसके बाद अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और इंटरव्यू पूरा होने पर दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। आवेदन शुल्क अनारक्षित, EWS और OBC उम्मीदवारों के लिए ₹2500, SC/ST के लिए ₹1500 और PwBD उम्मीदवारों के लिए ₹500 है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI से किया जा सकता है और एक बार जमा होने के बाद शुल्क वापस नहीं होगा।

चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार अकादमिक लेवल-10 पर वेतन दिया जाएगा, जिसमें शुरुआती मासिक वेतन ₹57,700 तक होगा। इसके अलावा UGC के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।