बिहार के पश्चिमी चंपारण में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बगहा 1 अंतर्गत छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर खोड़ा परसा गांव के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक मारुति कार से वाल्मीकिनगर पिकनिक मनाकर अपने घर शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान धनेश कुमार (20), आलोक कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। घायलों में अरविंद कुमार, आमिर कुमार समेत एक अन्य युवक शामिल हैं। सभी की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की 112 पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
