अलीगढ़ जिले के थाना छर्रा इलाके के गांव सिरसा निवासी जवान करन चौधरी (25) की रविवार शाम जम्मू के कुपवाड़ा में सिर में दो गोली लगने से मौत हो गई थी। जवान का शव लहूलुहान हालत में कैंप में पड़ा मिला था। सैन्य अधिकारियों ने परिजनों को मौत की सूचना सोमवार सुबह दी।

मंगलवार देर शाम सेना की एक टुकड़ी जवान का शव लेकर गांव सिरसा पहुंची, लेकिन परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया। सेना के दस्तावेज में करन के बेस कैंप में मृत मिलने और सिर में दो गोलियां लगने का जिक्र था, जबकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं था। परिवार ने कहा कि जब तक शहीद का दर्जा लिखित में नहीं दिया जाएगा और मौत का कारण नहीं बताया जाएगा, तब तक शव नहीं लिया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस विवाद में करीब दो घंटे बीत गए। परिजनों ने शव का ताबूत तक खोलने नहीं दिया।

सेना और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार को समझाने की काफी कोशिश की। जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह राना ने परिवार को बताया कि शहीद का दर्जा देने का निर्णय कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के बाद ही होगा। यह बात लिखित में दिए जाने के बाद परिजन शव लेने को राजी हुए और जवान का शव परिवार को सौंप दिया गया। रात करीब 9:30 बजे गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पिता पप्पू सिंह ने बेटे को मुखाग्नि दी।

परिजनों के अनुसार करन चौधरी की 22 नवंबर को सगाई और 24 नवंबर को शादी होनी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के पिता पप्पू ने बताया कि 14 नवंबर को करन से बात हुई थी और वह 17 नवंबर को छुट्टी लेकर गांव वापस आ रहा था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे बटालियन के सीओ ने करन की मौत की सूचना दी और बताया कि उसके सिर में दो गोली लगी हैं, जिससे उसकी मौत हुई है।