नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक असामान्य स्थिति पैदा हो गई, जब एक वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत से कहा कि वह इस पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं। लाइवलॉ की एक रिपोर्ट के अनुसार, वकील ने सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष एक 'अर्जेंट मामला' मेंशन करने की कोशिश की और अपने केस को अदालत में रखने के तरीके पर खेद भी जताया।

वकील ने कहा कि यह आइटम 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के कार्यालय में दिया गया था और 15 दिनों तक कोई जवाब न मिलने के कारण वह अदालत आने को मजबूर हुआ। जस्टिस वी मोहना ने वकील को टोकते हुए कहा कि वह इस तरह से कोई बात नहीं कर सकते, लेकिन वकील ने इसे इमरजेंसी बताते हुए अपनी बात जारी रखी।

इसके बाद वकील ने सीजेआई सूर्यकांत की ईमानदारी पर भी सवाल उठाया और कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं। अदालत में मौजूद वकीलों के अनुसार, उस वकील को कोर्ट से बाहर ले जाया गया। उसने कथित रूप से यह भी कहा कि वह जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना का सम्मान करता है। स्थिति को अप्रिय होते देख अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो म्यूट कर दिया गया। अन्य वकीलों ने कथित रूप से उस वकील के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है।

उल्लेखनीय है कि इसी साल जुलाई में भी सीजेआई सूर्यकांत की बेंच में इसी तरह की घटना हुई थी, जब प्रबल प्रताप नाम का व्यक्ति खुद याचिकाकर्ता बनकर पेश हुआ और सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बेंच ने उसे मानसिक रूप से परेशान मानते हुए अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से मना कर दिया था। इसके बाद से सुप्रीम कोर्ट में यह व्यवस्था लागू है कि जब याचिकाकर्ता खुद अपना मामला पेश करने आता है तो कार्यवाही का प्रसारण बंद कर दिया जाता है।