कोलकाता के एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल की शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि भगवा साड़ी पहनकर आने पर उनसे सवाल-जवाब किए गए और उन्हें चेतावनी दी गई। यह मामला पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में दावा किया था कि सार्वजनिक स्थानों पर भगवा साड़ी पहनने को लेकर स्कूल की शिक्षिका से उनके एक सहकर्मी ने सवाल किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि शिक्षिका से यह भी कहा गया कि स्कूल परिसर में भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है। भट्टाचार्य ने ईसाई मिशनरी संस्थानों पर धर्मांतरण का आरोप भी लगाया था।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो राज्य सरकार संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगी या संस्थान का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) रद्द कर देगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बाद शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे और आरोपों की जांच की जाएगी। वह मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में फिलहाल कार्यालय से बाहर हैं।

इस बीच 'पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल्स' के एक प्रतिनिधि ने कहा कि ईसाई मिशनरी संस्थानों में कर्मचारियों के पहनावे पर ऐसी कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने एक आरोप के आधार पर सभी विद्यालयों के बारे में सामान्य धारणा बनाने के प्रति आगाह किया। शिक्षा मंत्री बर्मन ने दावा किया कि भाजपा किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, लेकिन भारत विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कालिम्पोंग, आसनसोल और पूर्व बर्धमान सहित राज्य के कुछ हिस्सों में धर्मांतरण की गतिविधियां तेज हुई हैं, हालांकि ईसाइयों के अपने धर्म का पालन करने पर भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है।