कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने शुक्रवार को कानपुर में बीजेपी पर तीखा हमला बोला। लखनऊ से झांसी जाते समय गंगा पुल पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वह झांसी में होने वाले मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जा रही थीं। इस दौरान मीडिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ धर्म की राजनीति करती है और उसके पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में युवा रोजगार मांगते हैं तो उन्हें लाठियां मिलती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध और महंगाई चरम पर हैं, लेकिन सरकार हर मुद्दे पर चुप है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता अब बीजेपी की राजनीति समझ चुकी है और कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।

कांग्रेस नेता ने आजम खान की रिहाई पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के बीच लगातार सकारात्मक बातचीत चल रही है और गठबंधन की बैठकें सफल हो रही हैं। अलग-अलग राज्यों के नेता एक साथ बैठकर चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर भी सकारात्मक बातचीत जारी है।

आराधना मिश्रा ने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर वोट मांगती रही, लेकिन अब उसी आस्था को ठेस पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी न तो प्रभु श्रीराम के चढ़ावे की रक्षा कर पाई और न ही श्रीकृष्ण के चढ़ावे की। उन्होंने कहा कि बीजेपी धर्म के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन जनता के मुद्दों पर बोलने से घबराती है।