समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का पीडीए रथ गोरखपुर पहुंच रहा है, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालेंगे, जो लगभग दो घंटे चलेगा। इस दौरान वे चौरीचौरा के देवकही गांव में 1857 की क्रांति के सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अखिलेश यादव के कार्यक्रमों को गोरखपुर की नौ विधानसभा सीटों को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
देश की आजादी में पूर्वांचल का भी बड़ा योगदान रहा है, जिसमें अमर शहीद बंधु सिंह का नाम सबसे पहले आता है। चौरीचौरा तहसील क्षेत्र के विकास खंड सरदारनगर अंतर्गत स्थित डुमरी रियासत के बाबू शिव प्रसाद सिंह के पुत्र बाबू बंधू सिंह का 1857 की क्रांति में अहम योगदान था। उन्होंने पूर्वांचल के युवाओं के दिल में स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई की चिंगारी जलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
बंधु सिंह से जुड़ा गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र में स्थित तरकुलहा देवी का मंदिर भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि क्रांतिकारी बाबू बंधु सिंह को माता का विशेष आशीर्वाद प्राप्त था और वे तरकुलहा के पास स्थित घने जंगलों में रहकर मां की पूजा-अर्चना करते थे। बताया जाता है कि अंग्रेज अफसर भी उनसे घबराते थे।
बताया जाता है कि अंग्रेजों ने धोखे से बंधु सिंह को गिरफ्तार कर फांसी पर लटकाने का आदेश दिया। जल्लाद जैसे ही उन्हें फांसी के फंदे पर लटकाते, फंदा टूट जाता था और ऐसा छह बार हुआ। सातवीं बार बंधू सिंह ने मां से अपनी शरण में लेने की अपील की, जिसके बाद वे फांसी पर लटक गए। 12 अगस्त 1858 को गोरखपुर के अली नगर चौराहे पर सबके सामने उन्हें फांसी दे दी गई।
