केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का खेत में बिना हाथ लगाए ट्रैक्टर चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंगलवार को पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले के बदरपुर में खेत बचाओ अभियान के तहत उन्होंने यह ट्रैक्टर चलाया। वीडियो में हरे रंग का बड़े चक्कों वाला ट्रैक्टर तेज रफ्तार से चलता दिख रहा है, जबकि शिवराज सिंह चौहान के हाथ स्टीयरिंग से दूर हैं। ट्रैक्टर खुद मुड़ रहा है और अपना रास्ता भी तय कर रहा है। इसे ड्राइवरलेस या ऑटोनोमस ट्रैक्टर कहा जाता है। शिवराज सिंह चौहान ने यह वीडियो अपने अधिकारिक अकाउंट से शेयर करते हुए आधुनिक खेती को लेकर एक पंक्ति भी लिखी।
भारत में बिना चालक वाले अत्याधुनिक ट्रैक्टर उपलब्ध होने लगे हैं। ये ट्रैक्टर खेत की सीमाओं और सैटेलाइट सिग्नल के जरिए अपना रास्ता तय करते हैं। इसके लिए एक बार खेत का नक्शा और ट्रैक्टर में लगे उपकरण की लंबाई-चौड़ाई सेट करनी होती है। इसके बाद स्टीयरिंग को हाथ लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और ट्रैक्टर सीधी लाइन में बुवाई या जुताई करता रहता है। खेत खत्म होने पर ट्रैक्टर खुद उपकरण ऊपर उठा लेता है और मुड़कर अगली लाइन में काम शुरू कर देता है।
इस तरह के ट्रैक्टर के सामने इंसान या बड़ा पत्थर आने पर वह उसे पहचानकर तुरंत रुक जाता है और रास्ता बदलकर फिर काम शुरू कर देता है। यह ट्रैक्टर खेत की सीमा के बाहर नहीं जाता। जिन किसानों के पास पुराना ट्रैक्टर है, वे बाजार में मिलने वाली ऑटो स्टीयरिंग किट लगाकर उसे भी ड्राइवरलेस बना सकते हैं।
बता दें कि शिवराज सिंह चौहान खेत बचाओ अभियान के तहत बदरपुर पहुंचे थे। वहां उन्होंने किसानों से आत्मीय संवाद किया, उनके अनुभव सुने और सुझाव जाने। इस दौरान खेती को अधिक बेहतर और लाभकारी बनाने तथा किसानों की आमदनी बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
