जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी की अपकमिंग इलेक्ट्रिक सेडान Audi A4 EV के लिए ग्राहकों को अब 2029 तक इंतजार करना पड़ेगा। कंपनी पहले 2028 में जर्मनी के इंगोलस्टाट प्लांट में इसका प्रोडक्शन शुरू करने की योजना बना रही थी, लेकिन ऑडी की खास मांगों और फॉक्सवैगन ग्रुप के नए स्केलेबल सिस्टम्स प्लेटफॉर्म (SSP) में चल रही डेवलपमेंट संबंधी दिक्कतों के कारण लॉन्चिंग एक साल आगे खिसक गई है।
फॉक्सवैगन ग्रुप ने 2021 में 800-वोल्ट वाले SSP आर्किटेक्चर की घोषणा की थी, जिसे भविष्य की सभी इलेक्ट्रिक और पेट्रोल कारों के लिए एक ही प्लेटफॉर्म बनाया जाना था। ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसका प्रोडक्शन 2026 में शुरू होना था, लेकिन फॉक्सवैगन की इन-हाउस सॉफ्टवेयर यूनिट कैरियाड समय पर यूनिफाइड सॉफ्टवेयर तैयार नहीं कर पाई। इसके बाद ग्रुप ने इलेक्ट्रॉनिक और सॉफ्टवेयर सिस्टम के डेवलपमेंट के लिए अमेरिकी ईवी कंपनी रिवियन के साथ हाथ मिलाया।
सॉफ्टवेयर के अलावा ऑडी खुद भी इस प्लेटफॉर्म में बड़े बदलाव चाहती है, ताकि ग्राहकों को असली A4 सेडान जैसा कंफर्ट और ड्राइविंग एक्सपीरियंस मिल सके। कंपनी ने फ्लैट फ्लोर के बजाय अलग-अलग फुटवेल्स की मांग की है, जिसके लिए इंजीनियरों को फ्लोर के नीचे बैटरी और हाई-वोल्टेज पुर्जों की पैकेजिंग दोबारा डिजाइन करनी पड़ रही है। साथ ही ऑडी पारंपरिक 12-वोल्ट के बजाय 48-वोल्ट इलेक्ट्रिकल सिस्टम चाहती है, ताकि एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और कंट्रोल यूनिट्स को ज्यादा पावर मिल सके। इससे रिवियन के साथ मिलकर बनाए जा रहे आर्किटेक्चर में और बदलाव करने पड़ रहे हैं।
पेट्रोल इंजन वाली A4, जिसे नई जनरेशन में अब A5 नाम दिया गया है, ऑडी की ग्लोबल सेल्स में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है और कंपनी को इसके इलेक्ट्रिक अवतार से भी ऐसी ही उम्मीद है। अगर आगे कोई और देरी नहीं होती, तो 2029 में लॉन्च होकर Audi A4 EV सीधे तौर पर BMW i3 और मर्सिडीज-बेंज C-क्लास इलेक्ट्रिक को टक्कर देगी।
