देश के स्मार्टफोन बाजार में इस त्योहारी सीजन बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रिसर्च फर्म IDC की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई से सितंबर तिमाही में कुल स्मार्टफोन शिपमेंट 23.3% घटकर 3.68 करोड़ यूनिट रह गई। रिपोर्ट के अनुसार मेमोरी चिप्स की किल्लत से फोन महंगे होने और ब्रांड्स के पास फेस्टिव डिस्काउंट देने की गुंजाइश न रहने से बाजार की रफ्तार थमी है। यह तिमाही पिछले एक दशक की सबसे कमजोर तिमाही बताई गई है।

सैमसंग 10 तिमाहियों बाद फिर नंबर एक पर पहुंची है। टॉप 10 ब्रांड्स में सिर्फ सैमसंग ही ऐसी कंपनी रही जिसके शिपमेंट में सालाना आधार पर 7.9% की बढ़ोतरी हुई और बाजार में उसकी हिस्सेदारी 12.6% से बढ़कर 17.7% हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक सैमसंग ने साल की पहली छमाही में कीमतों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की और अलग-अलग रेंज के मॉडल्स से उसे फायदा मिला। वीवो का शिपमेंट 29.9% गिरने से वह 16.8% हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर आ गई, जबकि 26.5% की गिरावट के साथ ओप्पो तीसरे स्थान पर रही।

ऐपल की शिपमेंट में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई। जुलाई से सितंबर तिमाही में ऐपल ने भारत में करीब 37 लाख आईफोन शिप किए, जबकि पिछले साल यही आंकड़ा 50 लाख था। IDC के अनुसार iPhone 15, 16 और 17 की सप्लाई में कमी, पुराने मॉडल्स पर कम डिस्काउंट और सितंबर में लॉन्च के आसपास कीमतों में बढ़ोतरी इसकी वजह रही। बेस iPhone 18 लॉन्च न होने और महंगे iPhone 18 Pro और Pro Max की हिस्सेदारी कुल शिपमेंट में 30% से ज्यादा रहने से ऐपल चौथे नंबर पर खिसक गया है।

सबसे ज्यादा मार 100 डॉलर से कम बजट वाले स्मार्टफोन्स पर पड़ी है, जिनका शिपमेंट 90.9% गिरकर सिर्फ 7 लाख यूनिट रह गया। फोन की औसत बिक्री कीमत 26.1% बढ़कर 371 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। रिपोर्ट के मुताबिक ऑफलाइन स्टोर्स में सबसे ज्यादा सुस्ती रही और वहां शिपमेंट 26.7% गिरे, जबकि ऑनलाइन बाजार 18.9% गिरा। IDC के अनुसार अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 25% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल सकती है और 2026 में कुल शिपमेंट 12.5 से 12.7 करोड़ यूनिट तक सिमट सकता है।