साइबर ठग अब OTP और QR कोड के अलावा मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम की तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर भी ठगी कर रहे हैं। इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, अब तक UPI फ्रॉड में लोगों की लापरवाही को बड़ी वजह माना जाता था, जिसमें OTP बताना, फर्जी QR कोड स्कैन करना या फर्जी 'कलेक्ट रिक्वेस्ट' को मंजूरी देना शामिल था। लेकिन अब ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं, जिनमें ठग मोबाइल की खामियों का इस्तेमाल करते हैं और सिस्टम भी इन्हें पकड़ नहीं पाता।
इस चिंता को देखते हुए नैशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने गूगल से बातचीत शुरू की है। पेमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के मुताबिक, NPCI चाहती है कि गूगल एंड्रॉयड के लेवल पर ऐसे सुरक्षा उपाय करे जिससे इन हमलों को कम किया जा सके। NPCI देश में UPI नेटवर्क के साथ रिटेल पेमेंट और सेटलमेंट सिस्टम का संचालन करती है।
पेमेंट्स काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन विश्वास पटेल ने कहा कि यह ऐप से जुड़ी समस्या है। कई कंपनियों ने गूगल को इस बारे में जानकारी दी है। उनका मानना है कि गूगल एंड्रॉयड पर बाहर से डाउनलोड किए जाने वाले संदिग्ध ऐप्स से होने वाले फ्रॉड को कम करने के लिए कदम उठा रहा है।
खतरे की बड़ी वजह नुकसान पहुंचाने वाली APK फाइलें हैं। ये अक्सर मेसेजिंग ऐप, फर्जी कस्टमर केयर लिंक या नकली अपडेट के जरिए फोन में डाउनलोड कराई जाती हैं। ऐसे ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड नहीं किए जाते। 'पोस्ट ओवरले' और 'पोस्ट रिमोट एक्सेस ट्रोजन' जैसे मैलवेयर एंड्रॉयड के फीचर्स का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
