शेन्जेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मेजबानी में मिले हैं। यह मुलाकात यहां 2026 में होने वाले 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के सिलसिले में हुई। इसी शेन्जेन की वजह से एक समय भारत के तकरीबन बराबरी पर रहा चीन आज काफी आगे निकल चुका है।
चीन के ग्वांगडोंग प्रांत का तटीय शहर शेन्जेन आज चीन का टेक हब है। यहां रेस्तरां में रोबोट कॉफी या खाना परोसते दिख सकते हैं, सड़कों पर 25-30 रुपये में 100 किलोमीटर तक के सफर के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर मिल सकते हैं और ज्यादातर चौराहों पर रोबोपुलिस तैनात दिख सकती है। हांगकांग से सटा यह शहर गुआंगडोंग प्रांत के दक्षिण में पर्ल नदी के मुहाने के पूर्वी किनारे पर बसा है और आज हाई-टेक उद्योग, वित्तीय सेवाओं, विदेशी व्यापार निर्यात, समुद्री परिवहन और रचनात्मक संस्कृति में अहम भूमिका निभाता है।
1980 के आसपास यह इलाका मछुआरों और नमक बनाने वालों का गांव हुआ करता था। यहां नमक उद्योग की जड़ें जिन राजवंश (265 ईस्वी) से जुड़ी हैं और 1410 में मिंग राजवंश के दौरान शेन्जेन नाम का लिखित जिक्र मिलता है। 1949 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के बाद यह क्षेत्र मुख्य रूप से बाओआन काउंटी के तहत आता था। जनवरी 1979 में बाओआन काउंटी को अपग्रेड करके शेन्जेन शहर बनाया गया और 26 अगस्त 1980 को इसे चीन का पहला विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) चुना गया, जहां बाजार-उन्मुख सुधारों, विदेशी निवेश और कर प्रोत्साहनों का परीक्षण किया गया।
1980 के दशक की शुरुआत में भारत और चीन की जीडीपी लगभग एक जैसी थी और 1990 तक भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी अधिक थी। 1978 में देंग शियाओपिंग द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों के बाद चीन ने सख्त नियोजित अर्थव्यवस्था से दूरी बनाई, कृषि में परिवारों को जिम्मेदारी सौंपने वाली प्रणालियों को बढ़ावा दिया, SEZ खोले और विदेशी निवेश का स्वागत किया। उस दौर में भारत मिश्रित अर्थव्यवस्था के तहत काम कर रहा था, जो लाइसेंस राज, सख्त औद्योगिक लाइसेंसिंग, घरेलू बाजार पर केंद्रित व्यापार नीतियों और आयात नियंत्रणों के कारण सीमित थी। IMF के 2026 के अनुमानों के अनुसार, नाममात्र जीडीपी के आधार पर भारत 4.06 ट्रिलियन डॉलर के साथ छठे नंबर की अर्थव्यवस्था है, जबकि चीन करीब 21.55 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है। 1979 में लगभग 30,000 लोगों वाले इस कस्बे की आबादी अब 1.8 करोड़ से अधिक हो गई है और यह इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहनों और सॉफ्टवेयर का प्रमुख केंद्र है, जहां हुआवेई जैसी कंपनियां मौजूद हैं।
