ढाका: बांग्लादेश में बीते हफ्ते गोपालगंज से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं और प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। इस दौरान हिंसा और आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं। बुधवार रात चट्टोग्राम के पंचलाइश इलाके में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई। यूनुस ने हसीना सरकार गिरने के बाद अगस्त 2024 से फरवरी 2026 तक अंतरिम प्रशासन का नेतृत्व किया था।

पंचलाइश पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) मोजम्मेल हक के मुताबिक, प्रोथोमोलो की खबर के अनुसार बुधवार रात करीब घर की निचली मंजिल पर आग लगाई गई। घर के आसपास पुलिस की नियमित गश्त चल रही थी, फिर भी कुछ लोग घर तक पहुंचने में सफल रहे। पुलिस ने नीचे के खाली कमरे में आग देखी और अंदर जाकर उसे बुझाया।

इस घटना पर प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अवामी लीग को कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि आतंकवादी समूह बताया और कहा कि इसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है, लेकिन इसके लोग हिंसा फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समूह को फिर से सिर उठाने से पहले रोका जाना चाहिए। संसद में तारिक ने कहा कि अवामी लीग ने देश और विदेश में अपनी आतंकवादी गतिविधियों से बार-बार साबित किया है कि इस पर कार्रवाई जरूरी है, और 2024 की भावना के अनुरूप इस गुट को फिर से कुचल देना चाहिए।

तारिक रहमान ने हाल के दिनों के प्रदर्शनों पर कहा कि उनकी सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने और संसदीय चर्चाओं के जरिए नया बांग्लादेश बनाने की दिशा में काम कर रही है, जबकि सत्ता से बेदखल, भागे हुए और गिरे हुए फासीवादी तत्व देश के खिलाफ साजिशें रच रहे हैं। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग और उसके छात्र संगठन ने बीते रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया था और हसीना के गृह जिले गोपालगंज में जुलूस और रैली निकाली गई थी, जिसके बाद से अवामी लीग के लोगों की सड़कों पर हलचल जारी है और सरकार इस पर भड़की हुई है।