प्यू रिसर्च सेंटर की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और ईसाई धर्म दूसरे स्थान पर आ सकता है। अमेरिकी संस्था प्यू पिछले 25 वर्षों से धार्मिक जनसांख्यिकी पर रिपोर्ट जारी कर रही है और उसके आंकड़ों को विश्वसनीय माना जाता रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 में दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम थे। 2035 तक मुस्लिमों की संख्या बढ़कर 2.57 अरब और ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब होने का अनुमान है। रिपोर्ट कहती है कि यह रुझान जारी रहने पर 2070 तक मुस्लिमों की संख्या 3.6 अरब से अधिक और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम हो सकती है। 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे थी, जबकि ईसाई महिलाओं के लिए यह दर 2.5 थी।
प्यू के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की आबादी में 29% की वृद्धि का अनुमान है। इस दौरान ईसाइयों की संख्या में 30% और मुस्लिमों की संख्या में 80% वृद्धि हो सकती है। हिंदुओं और यहूदियों की कुल संख्या बढ़ने का अनुमान है, लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है। बौद्धों की संख्या और उनका वैश्विक हिस्सा दोनों घटने का अनुमान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दशकों में दुनिया की अधिकांश जनसंख्या वृद्धि अफ्रीका में, खासकर सहारा रेगिस्तान के दक्षिण वाले हिस्से में होने की उम्मीद है। 2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई उप-सहारा अफ्रीका में रह रहे होंगे और कांगो सबसे अधिक ईसाई आबादी वाला देश बन सकता है। इसी अवधि में यूरोप की आबादी 17% घटने और वहां ईसाइयों की संख्या एक-तिहाई कम होने का अनुमान है, जबकि यूरोप में मुस्लिमों का प्रतिशत 6 से बढ़कर 13 हो सकता है। 2070 तक सबसे अधिक मुस्लिम आबादी पाकिस्तान में होगी, जिसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा।
