चंदौली में जिलाधिकारी बदल गए हैं। चंद्रमोहन गर्ग का तबादला होने के बाद भदोही के जिलाधिकारी रहे शैलेश कुमार ने चंदौली के नए डीएम का पदभार संभाल लिया है। चंद्रमोहन गर्ग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष सचिव बनाया गया है।
जिलाधिकारी शैलेश कुमार देर रात करीब 9:45 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला कोषागार कार्यालय पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने विधिवत चार्ज लिया और पदभार ग्रहण से जुड़े सरकारी अभिलेखों पर हस्ताक्षर किए। कोषागार के अधिकारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया और जिले की वित्तीय व प्रशासनिक स्थिति से अवगत कराया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद शैलेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न प्रशासनिक पटलों व कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके कामकाज के तरीके और लंबित मामलों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से और पूरी पारदर्शिता के साथ अपने दायित्व निर्वाह के निर्देश दिए।
शैलेश कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से हरदोई जिले के मल्लावां के रहने वाले हैं। चंदौली का जिलाधिकारी बनने से पहले वे भदोही के जिलाधिकारी थे, जहां एक बुजुर्ग की फरियाद सुनने के लिए जमीन पर बैठने की उनकी तस्वीर काफी चर्चा में रही थी। इसके अलावा वे मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और झांसी के मुख्य विकास अधिकारी भी रह चुके हैं। सिविल सेवा में आने से पहले उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और भारतीय रेल लेखा सेवा में अपनी सेवाएं दी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह तबादला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
