पंजाबी गायक सतिंदर सरताज का सूफी गाना 'गुजारिश' यूट्यूब के ग्लोबल चार्ट में पहले स्थान पर पहुंच गया है। गाने का वीडियो करीब दो महीने पहले रिलीज हुआ था और इस दौरान इसे 109 मिलियन से अधिक बार देखा गया है। इंस्टाग्राम पर भी गाना खूब चर्चा में है और लोग इस पर रील्स बना रहे हैं।

गाना साल 2015 में आया था, लेकिन इसका वीडियो करीब दो महीने पहले रिलीज किया गया। वीडियो आते ही गाने की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और यह सोशल मीडिया पर छा गया। गाने में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका की तारीफ में खूबसूरत लफ्जों में अपने दिल की बातें कहता है। इसमें सूफी रंग और मोहब्बत की गहराई साफ नजर आती है।

इस गाने को सतिंदर सरताज ने अपनी आवाज दी है और इसके बोल भी उन्होंने खुद लिखे हैं। गाने का संगीत भी उन्होंने तैयार किया है, जबकि गोल्डी सोहल ने म्यूजिक प्रोडक्शन किया है। इसे टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज किया गया है।

सतिंदर सरताज पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उनके 'सज्जन राजी', 'उड़ारियां', 'मासूमियत', 'रंगरेज', 'जिंदगी की किताब' और 'हीर' जैसे गानों को भी लोगों ने खूब पसंद किया है। लोगों ने 'गुजारिश' की भी तारीफ की है। एक यूजर ने कहा कि इस गाने में अजीब सा सुकून है, जिसे बार-बार सुनने का मन करता है। एक अन्य ने कहा कि आजकल ऐसे गाने बनते ही कहां हैं।