ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है। हाल ही में दोनों का एक वीडियो ऑनलाइन आया था, जिसके बाद फैंस मानने लगे कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के करीब एक महीने बाद ही उनके रिश्ते में दरार की खबरें सामने आईं। दोनों में से किसी ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन ईशा ने अविनाश को अनफॉलो कर दिया, जिससे अटकलें तेज हो गईं कि रिश्ता टूट गया है।
इस बीच ईशा सिंह की मां का एक कथित वॉइस नोट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि अविनाश ने ईशा को धोखा दिया है। कथित ऑडियो में कहा गया है कि अगर चीजें ठीक से आगे बढ़तीं तो बात आगे ले जाई जाती, और कोई मां अपनी बेटी को ऐसे प्लेटफॉर्म पर सब कुछ कहने के लिए नहीं भेजती। इसमें यह भी कहा गया है कि अविनाश के खिलाफ कुछ कहे जाने पर वह उसके साथ खड़ी होतीं, क्योंकि वह परिवार का हिस्सा होता, लेकिन जो धोखा हुआ, उसे अब फैलाने का कोई मतलब नहीं।
वॉइस नोट में यह भी कहा गया है कि ईशा जिस दर्द से निकली और परिवार ने जिस तरह उसे संभाला, वह बाहरी लोगों को पता नहीं है। इसमें यह बात रेखांकित की गई है कि मुश्किल समय में बेटी के साथ मां-बाप और परिवार ही खड़े होते हैं।
बता दें कि 'बिग बॉस 18' में मिलने के बाद से अविनाश और ईशा अपनी बॉन्डिंग को लेकर चर्चा में रहे हैं। दोनों ने हमेशा कहा है कि वे अच्छे दोस्त हैं, लेकिन 'खतरों के खिलाड़ी 15' की सक्सेस पार्टी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें अविनाश ने कहा कि वह आभारी और खुशकिस्मत हैं कि ईशा उनकी जिंदगी में है। ईशा के आगे बोलने पर अविनाश ने 'आई लव यू, बेबी' कहा, जिस पर ईशा ने शरमाते हुए 'आई लव यू टू' कहा।
