सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से UA 16+ सर्टिफिकेट मिल गया है। बोर्ड की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार यह सर्टिफिकेट 18 नवंबर को जारी किया गया। फिल्म को हिंदी कैटेगरी में सर्टिफाई किया गया है और इसकी अवधि 2 घंटे, 34 मिनट और 12 सेकंड है। सर्टिफिकेशन में सलमान खान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को फिल्म का निर्माता और आवेदक बताया गया है। सेंसर मंजूरी के बाद फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज का रास्ता साफ हो गया है और मेकर्स ने नई रिलीज डेट 4 दिसंबर 2026 तय की है। पहले फिल्म 20 नवंबर 2026 को रिलीज होनी थी।

फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी कर्नल संदीप की जिंदगी पर आधारित है, जो देश की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देते हैं। कहानी में सीमा पर चल रही लड़ाई के साथ-साथ एक सैनिक के परिवार की चुनौतियों को भी दिखाया जाएगा। CBFC ने फिल्म को दो मोर्चों पर लड़ी जाने वाली साहस की महागाथा बताया है।

डायरेक्टर अपूर्वा लाखिया के मुताबिक, 'मातृभूमि' को थिएटर तक पहुंचाने के लिए डेढ़ साल से ज्यादा समय तक कोशिश करनी पड़ी। इस दौरान कई मुश्किलें आईं और ऐसी अफवाहें भी उड़ीं कि फिल्म अटक गई है या सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि टीम ने कभी हार नहीं मानी और फिल्म बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने की हकदार है। इस चुनौतीपूर्ण सफर में सलमान खान की लगातार मौजूदगी टीम के लिए भरोसे और हौसले का स्रोत बनी रही।

फिल्म को शुरुआत में 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से अनाउंस किया गया था। बताया गया था कि इसकी कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। मार्च 2026 में मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया। 6 नवंबर को ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने फिल्म को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था कि फिल्म बिना किसी कट के सेंसर बोर्ड से पास हुई है। रिलीज में देरी पर उन्होंने बताया था कि फिल्म में बड़े स्तर पर विजुअल इफेक्ट्स का काम होना था और चित्रांगदा सिंह के घायल होने से शूटिंग का शेड्यूल भी प्रभावित हुआ।