शाहरुख खान की फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में छुटकी का किरदार निभाने वालीं अभिनेत्री पूजा रूपारेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे मुंबई में पेड़ काटे जाने पर रोती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने 35 साल पुराने हेरिटेज पेड़ काट दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अवैध है और ये पेड़ उनका हिस्सा थे। एक अन्य वीडियो में वे कटे पेड़ से गिरे फल हाथों में उठाकर दिखाती हैं और कहती हैं कि ये पक्षियों का खाना था और उनका आशियाना भी अब बिखर चुका है। वे कहती हैं कि एक पेड़ को इतना बड़ा होने में कई साल लगते हैं और यह कार्बन लेता है। उन्होंने पेड़ काटने वाली मशीन की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसे कायर लोग चलाते हैं।
एक और वीडियो में पुलिस को अभिनेत्री को वहां से ले जाते हुए देखा जा सकता है। महिला पुलिसकर्मी उनसे चलने का अनुरोध करती हैं, जिसके बाद वे उन्हें खींचकर वैन की ओर ले जाती हैं और अभिनेत्री चीख पड़ती हैं। वीडियो में पूजा कहती हैं कि पहली बार वे किसी अच्छे काम के लिए आवाज उठाने की वजह से पुलिस स्टेशन जा रही हैं।
यह मामला मुंबई के नाना नानी पार्क से जुड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, BMC वर्सोवा-भायंदर कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के लिए इंटरचेंज बनाने के लिए हरियाली साफ कर रहा है। इसका लगातार विरोध हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद 18 नवंबर को पेड़ों की कटाई शुरू हो गई।
