मुंबई में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित जीशान अख्तर के नाम से बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस इसकी जांच कर रही है। धमकी भरे वॉयस मैसेज में कहा गया है कि वही हाल होगा जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था।

इस बीच एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना की वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद की पूर्व सभापति नीलम गोरहे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हर कुछ हफ्तों में बॉलीवुड अभिनेताओं को धमकी देते हैं और उनसे जबरन वसूली करना चाहते हैं। उनका मकसद अभिनेताओं को डराना है। गोरहे ने कहा कि जब बालासाहेब ठाकरे हमारे बीच थे, तब लोग ऐसी धमकियां देने से डरते थे, लेकिन अब लगता है कि अंडरवर्ल्ड एक बार फिर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

नीलम गोरहे ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस और शिवसेना सक्षम हैं। जब कोई हमला होता है तो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद वहां पहुंच जाते हैं। उन्होंने धमकी देने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि आज के समय में तकनीक बहुत उन्नत है और उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सकता है, इसलिए सरकार जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि सैफ अली खान को यह धमकी ऐसे वक्त पर मिली है जब बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर खुलेआम फायरिंग को लेकर सितारे दशहत में हैं। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह विभाग है।