मुंबई में छठ पर्व को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बिहार और महाराष्ट्र की राजनीति का मुद्दा बन गया है। राजद प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिना नाम लिए शिवसेना (यूबीटी) नेता और महाराष्ट्र की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर पर पलटवार किया है। रोहिणी आचार्य ने कहा कि नीच लोगों की गंदी जुबान उनकी गंदी परवरिश और ओछी सोच को उजागर करती है।
बता दें, किशोरी पेडनेकर ने रोहिणी आचार्य के राज ठाकरे को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे छठ पूजा का विरोध नहीं कर रही हैं, बल्कि इसके नाम पर हो रही राजनीति का विरोध कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा था कि फिर ये लालू का 'भालू' की लड़की कुछ भी बात क्यों कर रही है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया, जिसमें किसी का नाम नहीं लिखा गया। माना जा रहा है कि यह पोस्ट किशोरी पेडनेकर पर ही निशाना है। रोहिणी ने लिखा कि कुत्तों के भौंकने से हाथी का कद छोटा नहीं होता और मुंबई और महाराष्ट्र किसी की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई उपद्रवी और भड़काऊ बयान देने वाला एंटी-सोशल एलिमेंट, जिसके बचाव में ऐसी भाषा बोलने वाले उतरते हैं, यह तय नहीं कर सकता कि बिहार के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और पर्व का पालन कहां और कैसे करेंगे।
रोहिणी ने आगे लिखा कि नीच लोगों की गंदी जुबान उनकी घटिया मानसिकता, बाजारू चरित्र, गंदी परवरिश और ओछी सोच को उजागर करती है। ऐसे लोगों की घटिया टिप्पणियां लालू जैसी महान शख्सियत, उनका या किसी का भी कद छोटा नहीं कर सकतीं। गौरतलब है कि रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे की तुलना बरसाती मेंढक से करते हुए कहा था कि जैसे मानसून की बारिश आते ही मेंढक बाहर निकलने लगते हैं, वैसे ही छठ पर्व नजदीक आते ही राज ठाकरे की बयानबाजी शुरू हो जाती है।
