मनीला: फिलीपींस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कारसेवा की। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आकर वह खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री ने संगत की उपस्थिति में गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी। कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला सिटी के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो भी शामिल हुए। मंत्रालय ने बताया कि यह गुरुद्वारा फिलीपींस में भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपीनी समाज के बीच एक पुल की तरह काम कर रहा है।
एक दिन पहले सोमवार को मनीला पहुंचने पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गुरुद्वारे के कार्यक्रम की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि 17 नवंबर का दिन बहुत खास है और उन्हें मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने बताया था कि यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बड़ा आध्यात्मिक महत्व है।
यह गुरुद्वारा 1901 में मूल रूप में स्थापित किया गया था। 1903 में इसका विधिवत रूप से गठन हुआ और 1924 में इसे खालसा दीवान के रूप में पंजीकृत किया गया। यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है, जो मनीला में सिख और दूसरे समुदायों के लिए अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी दो दिनों के दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं, जहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
