प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। यहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति के तहत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी और आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। भारत इस समझौते में बदलाव की मांग कर रहा है, जिसका उद्देश्य व्यापार असंतुलन दूर करना, टैरिफ बाधाएं घटाना और रूल्स ऑफ ओरिजिन को सरल बनाना है। चर्चा में 2026-2030 के लिए 'आसियान-भारत कार्य योजना' को लागू करना भी प्रमुख विषय है, जिसके तहत व्यापार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सहयोग की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी।
21वां पूर्वी एशिया सम्मेलन क्षेत्र की प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा का मंच होगा। इसमें दक्षिण चीन सागर में तनाव और म्यांमार का राजनीतिक संकट भी शामिल है। भारत ने लगातार दक्षिणी चीन सागर में आवाजाही और उड़ान की स्वतंत्रता पर जोर दिया है। भारत का यह भी कहना है कि विवादित जल क्षेत्र को लेकर आसियान और चीन के बीच कोड ऑफ कंडक्ट पर कोई भी समझौता अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए।
मनीला में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक भी प्रस्तावित है, जिस पर दुनिया की नजर होगी। करीब दो साल बाद समूह के नेता एक मंच पर आ रहे हैं। पिछले महीने के आखिर में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस बैठक की घोषणा की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को मनीला पहुंच रहे हैं और रुबियो भी उनके साथ आ रहे हैं। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइजी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के भी शामिल होने की उम्मीद है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब AI को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस बैठक में रक्षा सहयोग अहम हिस्सा हो सकता है। फिलीपींस ने भारत की ब्रह्मोस एंटी-शिप मिसाइल खरीदी है। दोनों पक्ष रक्षा उपकरणों की खरीद, सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा उपकरणों के रखरखाव में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार कर सकते हैं।
