नई दिल्ली: नई युवा पीढ़ी यानी जेन-जी को बैंकिंग से जोड़ने के लिए सरकारी बैंक देशभर में खास 'युवा लाउंज' खोलने की तैयारी कर रहे हैं। ये लाउंज 16 से 29 साल के युवाओं के लिए होंगे। मेट्रो शहरों में इन्हें को-वर्किंग स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में ये वित्तीय सलाह केंद्र की तरह काम करेंगे। इसका मकसद युवाओं को बैंकिंग सेवाओं, रोजगार और वित्तीय योजनाओं से जोड़ना है।
इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक यह पहल 'युवा कनेक्ट कैंपेन' का हिस्सा है। इसके तहत सरकारी बैंक 300 से 400 कॉलेजों की पहचान करेंगे, जहां जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। ये लाउंज युवाओं को रोजगार के नए अवसर तलाशने और अपना काम शुरू करने में मदद करेंगे। यहां वित्तीय योजना, कर्ज, बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
अभियान के तहत बैंक तीन प्रमुख उत्पादों पर ध्यान देंगे, जिनमें 'युवा कनेक्ट सेविंग्स अकाउंट', 'युवा कौशल लोन स्कीम' और 'सशक्त युवा लोन स्कीम' शामिल हैं। सशक्त योजना के तहत टूवीलर्स खरीदने के लिए कर्ज दिया जाएगा। युवा उद्यमियों को कारोबार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक के कर्ज की सुविधा देने वाली 'हसल कैपिटल' श्रेणी भी होगी। 'युवा कौशल' योजना के तहत स्किल बढ़ाने के लिए 7.5 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि कुछ बैंक दूसरे स्पेशलाइज्ड प्रोडक्ट्स भी ऑफर कर रहे हैं। मसलन बैंक ऑफ महाराष्ट्र उन परिवारों के लिए एक डिजिटल डिपॉजिट प्रोडक्ट लाया है जिनके पास पालतू जानवर हैं। इसमें पेट्स के रोज के खर्चों के लिए अकाउंट्स, एक डेडिकेटेड फंड और पेट केयर के लिए लॉन्ग टर्म सेविंग्स की सुविधा शामिल है।
सरकार युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। प्री-बजट कंसल्टेशन के दौरान पहली बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण "युवा" कैटगरी के तहत छात्रों और युवा प्रोफेशनल से मुलाकात करेंगी। सरकारी बैंकों का दो दिन का सम्मेलन PSB Confluence अगस्त में हुआ था, जिसमें सीतारमण ने बैंकों से युवाओं को आकर्षित करने के लिए स्ट्रैटजी बनाने को कहा था।
