जर्मन लग्जरी कार कंपनी ऑडी ने भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए ग्रोथ रोडमैप तैयार किया है। कंपनी का लक्ष्य अगले 3 से 5 वर्षों में अपना मार्केट शेयर मौजूदा करीब 7.5–8 प्रतिशत से बढ़ाकर 15–16 प्रतिशत करना है। इस रणनीति में नए और रिफ्रेश्ड प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, रिटेल नेटवर्क के विस्तार और बेहतर कस्टमर एक्सपीरियंस पर जोर दिया जाएगा। प्रोडक्ट उपलब्धता की चुनौतियों के कारण 2026 में बिक्री लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है, जबकि नए मॉडल्स के आने के साथ 2027 में हाई डबल-डिजिट ग्रोथ का भरोसा है।

लग्जरी कार इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक भारत का लग्जरी पैसेंजर व्हीकल बाजार 2025 के करीब 52,000 यूनिट्स से लगभग 12 प्रतिशत की सालाना बढ़त के साथ 2026 में 58,000 यूनिट्स के रेकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है। हालांकि कुल पैसेंजर कार बाजार में लग्जरी सेगमेंट की हिस्सेदारी महज करीब 1.1 प्रतिशत है। हाल में लॉन्च हुई नई Audi Q3 वॉल्यूम बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके बाद 2027 की पहली छमाही में नई Audi A5 सेडान (A4 की जगह) और साल के अंत तक फ्लैगशिप एसयूवी Audi Q9 भारतीय बाजार में उतारी जाएगी।

मेट्रो शहरों के अलावा छोटे शहरों से भी लग्जरी कारों की मांग बढ़ने को देखते हुए ऑडी इंडिया अपना रिटेल और डीलरशिप नेटवर्क तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी की योजना 2027 तक शोरूम की संख्या मौजूदा 28 लोकेशन से बढ़ाकर करीब 40 करने की है। इस विस्तार में खास तौर पर टियर-II और टियर-III बाजारों पर फोकस रहेगा, ताकि उभरते खरीदारों तक ब्रांड की पहुंच आसान हो सके।

कंपनी की ताकत में ओनरशिप एक्सपीरियंस और ग्राहकों का भरोसा भी शामिल है। आंकड़ों के मुताबिक भारत में बिकने वाली हर तीन में से एक ऑडी कार किसी मौजूदा ऑडी ग्राहक द्वारा ही खरीदी जाती है। कंपनी आगे भी रिपीट बायर्स को बनाए रखने और नए ग्राहक जोड़ने के लिए कस्टमर एक्सपीरियंस और आफ्टर-सेल्स सर्विस को और मजबूत करने पर निवेश कर रही है।