नई दिल्ली: पहाड़गंज में निर्माणाधीन एक होटल की इमारत गिरने के मामले में एमसीडी ने सख्त रुख अपनाया है। एमसीडी के एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, होटल का नक्शा रद्द किया जा सकता है। साथ ही बिल्डिंग के आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी है।
अधिकारी ने बताया कि बिल्डिंग का नक्शा 4 जून 2024 को पास किया गया था। इसलिए मालिक के अलावा बिल्डिंग की जिम्मेदारी आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर की भी बनती है। एमसीडी का कहना है कि नक्शा पास होने के बाद बिल्डिंग मालिक के पास पांच साल तक का समय होता है और इस बीच वह कभी भी निर्माण शुरू कर सकता है।
गौरतलब है कि दिल्ली में ग्रैप की पाबंदियों के कारण कंस्ट्रक्शन पर पूरी तरह बैन है। इसके बावजूद पहाड़गंज के कसीरूवालान में प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993 पर 500-600 वर्गज में होटल का निर्माण जारी था। होटल मालिक ने सेकंड फ्लोर का लिंटर डालने के लिए छुट्टी का दिन चुना, क्योंकि छुट्टी के दिन काम रोकने कोई नहीं आता। जहां से काम रुकने की आशंका थी, वहां पहले ही सेटिंग बैठा दी गई थी।
एमसीडी की जांच में यह भी देखा जाएगा कि निर्माण के दौरान स्वीकृत नक्शे और तय मानकों का पालन हुआ या नहीं। आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर से इमारत की डिजाइन और मजबूती से जुड़े पहलुओं पर जवाब मांगा जाएगा। जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
