नोएडा एलिवेटेड रोड पर यातायात बहाल होने में अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। आईआईटी रुड़की ने अथॉरिटी को बताया है कि एलिवेटेड रोड पर कमजोर बेयरिंग के कारण क्रैक आया है, जिसके चलते 11 मीटर लंबा पूरा सेगमेंट बदला जाएगा। अथॉरिटी ने इस काम की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को ही सौंपी है। जानकारी के मुताबिक 15 दिसंबर से पहले एलिवेटेड रोड खुलने की उम्मीद नहीं है। एक सेक्शन पूरी तरह बदला जाएगा और अन्य सेक्शनों की भी जांच होगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाकी हिस्सों में भी ऐसी दिक्कत आने की आशंका तो नहीं है।

आईआईटी रुड़की की जांच में क्षतिग्रस्त हिस्से की बेयरिंग कमजोर मिलने की बात सामने आई है। बेयरिंग पर पर्याप्त भार नहीं संभल पाने के कारण एलिवेटेड रोड के एक सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें आने लगीं। इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर पड़ा, जिससे सड़क की ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई। अब प्राधिकरण ने इस पूरे सेगमेंट को बदलने का फैसला लिया है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा और इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।

एलिवेटेड रोड के अलग-अलग सेगमेंट के बीच बेयरिंग लगाई जाती है। इनका काम ऊपर से आने वाले भार को सहारा देना और तापमान में बदलाव के कारण पुल में होने वाले फैलाव और सिकुड़न के दौरान नियंत्रित हलचल की गुंजाइश देना होता है। बेयरिंग कमजोर होने या ठीक से काम नहीं करने पर संबंधित हिस्से में भार का संतुलन प्रभावित हो सकता है। प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करूणेश ने बताया कि मरम्मत का काम आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में होगा और विशेषज्ञों के सुझाव पर क्षतिग्रस्त हिस्से को पैबंद लगाकर ठीक करने के बजाय पूरा सेगमेंट बदला जाएगा।

सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली साइड में 15 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था। प्राधिकरण ने इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया। इसके बाद 21 अक्टूबर को इस पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया था।