अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मंगलवार रात 1:21 बजे शुरू होकर बुधवार रात 2:55 बजे तक चली। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के मुताबिक परिक्रमा में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालु रामधुन और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। युवाओं की भागीदारी सबसे अधिक दिखी, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूली-कॉलेज की छात्राएं भी शामिल हुईं।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए थे। परिक्रमा मार्ग को 11 जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से नजर रखी गई। डीएम, एसएसपी और डीजीपी ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के मुताबिक परिक्रमा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने भी परिक्रमा की और लगभग 6 घंटे 30 मिनट में इसे पूरा किया। उन्होंने सहादतगंज की हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू की थी और रास्ते में विभिन्न स्थलों पर रुककर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संवाद भी किया। मंडलायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना जिला एवं मंडल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
14 कोसी परिक्रमा संपन्न होने के बाद प्रशासन का फोकस अब पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर है। पंचकोसी परिक्रमा 20 नवंबर की रात 3:01 बजे से 21 नवंबर की रात 2:37 बजे तक होगी। कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 23 नवंबर की रात 10:48 बजे से 24 नवंबर की रात 8:52 बजे तक निर्धारित है। कार्तिक मेला 18 से 24 नवंबर तक चलेगा।
