टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म 'रामायण' की फंडिंग पर सवाल उठाए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने सरकार से इस मामले में 'मनी ट्रेल' की जांच करने की अपील की और पूछा कि सरकार इस मुद्दे पर अब तक चुप क्यों है। भारद्वाज का कहना है कि फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी में लक्जमबर्ग, यूएई और सिंगापुर से पैसा आया है।

भारद्वाज ने कहा कि ट्रेलर देखने के बाद उन्हें फिल्म से काफी उम्मीदें थीं और उन्हें इसके ऑस्कर में जाने और अवॉर्ड जीतने की उम्मीद थी। उन्होंने बताया कि वे फिल्म की कथित ₹4,000 करोड़ की कमाई, निर्देशक के ट्रैक रिकॉर्ड और एआर रहमान के म्यूजिक पर भरोसा कर रहे थे। लेकिन फिल्म देखने के बाद उनकी राय बदल गई और अब उन्हें यह एक एजेंडा फिल्म लगती है।

अभिनेता ने आरोप लगाया कि फिल्म में रावण को अच्छे राजा के रूप में दिखाया गया है, जबकि भगवान राम के किरदार को कमजोर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम को एक छोटे, आम इंसान के रूप में दिखाया गया है, जिसका चेहरा बेजान है। उन्होंने यश के रावण किरदार की आलोचना करते हुए कहा कि रावण की नेगेटिव बातें दिखाई ही नहीं गईं और यह किरदार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट नेता जैसा लगता है।

भारद्वाज ने अयोध्या छोड़ते हुए रोते हुए राम दिखाने पर भी एतराज जताया। उनके मुताबिक, फिल्म इक्ष्वाकु वंश के सम्मान और नियम को नहीं दिखाती, जहां माना जाता है कि प्राण जाए पर वचन न जाए। उन्होंने चिंता जताई कि इस तरह के चित्रण से नई पीढ़ी रावण को हीरो मानने लग सकती है। उन्होंने सवाल किया कि अगर रावण इतना अच्छा और न्यायप्रिय राजा था, तो भगवान विष्णु को राम अवतार लेने की जरूरत क्यों पड़ी।