भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह गुरुवार को हाजीपुर न्यायालय में पेश हुईं। यह पेशी करीब पांच साल पुराने चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में हुई। कोर्ट पहुंचते समय उनके चेहरे पर काला मास्क और सिर पर लाल टुपट्टा था। इस मामले में उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
यह मामला 23 अप्रैल 2021 की घटना से जुड़ा है, जब वैशाली जिले के लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर उनके भतीजे का जनेऊ समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के लिए अक्षरा सिंह को भी बुलाया गया था। समारोह के दौरान जब वे मंच पर डांस कर रही थीं, तभी पुलिस की वर्दी पहने एक बॉडीगार्ड ने कार्बाइन से फायरिंग शुरू कर दी। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई थी और इसका वीडियो भी सामने आया था।
उस समय देश भर में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर चल रही थी और कई सख्त पाबंदियां लागू थीं। इसके बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड नियमों की अनदेखी करने के आरोप भी लगे थे।
समारोह का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई थी। हर्ष फायरिंग और कोरोना नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अन्नू शुक्ला, फायरिंग करने वाले बॉडीगार्ड और अभिनेत्री अक्षरा सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
