न्यूयॉर्क में एक सिख चरमपंथी की हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को शुक्रवार को संघीय न्यायाधीश सजा सुनाएंगे। अभियोजन पक्ष ने उसके लिए 24 साल की जेल की सजा की मांग की है। खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों को निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में स्वीकार किया था। इनमें सुपारी देकर हत्या कराने, साजिश रचने और धनशोधन की साजिश के आरोप शामिल हैं।

न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के संघीय न्यायाधीश विक्टर मारेरो 20 नवंबर को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे (भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 8:30 बजे) गुप्ता को सजा सुनाएंगे। पिछले सप्ताह अमेरिकी सरकार ने अदालत में कहा था कि वह गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की सजा चाहती है। सरकार ने कहा कि उसका कृत्य जितना क्रूर था, उतना ही दुस्साहसपूर्ण भी था।

अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने न्यायाधीश मारेरो को सौंपे गए 20 पन्नों के दस्तावेज में कहा कि गुप्ता अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार था। अदालत को ऐसी सजा सुनानी चाहिए, जो अपराध की गंभीरता को दर्शाए और यह संदेश दे कि इस देश में आवाजों को हिंसा के जरिये दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दस्तावेज में कहा गया कि इन कारणों और तथ्यों के आधार पर सरकार अदालत से गुप्ता को 293 महीने की जेल की सजा सुनाने का अनुरोध करती है।

अमेरिकी सरकार ने कहा कि गुप्ता और उसके सह-साजिशकर्ताओं ने, जिनमें कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था, अमेरिका में एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश रची थी। सरकार के अनुसार, इस साजिश के पीछे पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा वजह थी। दस्तावेज में कहा गया कि यह अत्यंत गंभीर अपराध है और इसके लिए उतनी ही कठोर सजा जरूरी है। सरकार का कहना है कि सजा के वैध उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अमेरिकी सजा दिशानिर्देशों के तहत निर्धारित 235 से 293 महीने की जेल की अवधि में अधिकतम सजा देना आवश्यक है। निखिल गुप्ता ने सजा को लेकर अदालत में दाखिल अपनी अर्जी में अनुरोध किया कि उसे काफी कम सजा सुनाई जाए।