मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल ओपी क्षेत्र के ढोली बाजार स्थित मुरलियाचक निवासी मो. जमालुद्दीन कथित तौर पर दुबई की जेल में बंद हैं। उन पर डेढ़ लाख दिरहम (करीब 38 लाख रुपये) का कर्ज होने का आरोप है। उनकी पत्नी खुशबू बेगम ने भारत सरकार और स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कराकर पति को भारत वापस लाने की गुहार लगाई है।

खुशबू बेगम ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके पति एक दलाल के माध्यम से रोजगार की तलाश में दुबई गए थे, जहां वे सेंट्रिंग का काम करते थे। कुछ समय बाद वे दुर्घटना के शिकार हो गए। पत्नी के अनुसार, इसके बाद उन्होंने भारी काम करने में असमर्थता जताते हुए हल्का काम मांगा। आरोप है कि इसी दौरान एक पाकिस्तानी दलाल ने उन्हें भारत भेजने के नाम पर गलत तरीके से कर्ज दिलवा दिया और उनके नाम पर डेढ़ लाख दिरहम यानी करीब 38 लाख रुपये का कर्ज दिखाया जाने लगा।

पत्नी के अनुसार, पति ने इस मामले की शिकायत स्थानीय थाने में की, लेकिन पाकिस्तानी एजेंट पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही जेल में बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पति को दुबई भेजने के लिए उन्होंने बंधन बैंक से डेढ़ लाख रुपये का कर्ज लिया था। शुरुआत में पति कुछ महीने तक रुपये भेजते रहे, लेकिन बाद में पैसे भेजना बंद कर दिया। इसी बीच एक दिन फोन आया कि उनके पति दुबई की जेल में बंद हैं।

खुशबू बेगम का कहना है कि परिवार पहले से ही कर्ज के बोझ में है और पति के जेल में बंद होने से आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। उन्होंने केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, दुबई में भारतीय दूतावास के माध्यम से मदद दिलाने और पति की सकुशल वतन वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।