नई दिल्ली: क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर अगले साल नेपाल की टीम इतिहास रचने उतरेगी। नेपाल और बांग्लादेश के बीच 3 जून 2027 को इस प्रतिष्ठित मैदान पर एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। नेपाली क्रिकेट के लिए यह मौका इसलिए खास है, क्योंकि वह पहली बार लॉर्ड्स पर किसी आईसीसी फुल मेंबर देश के खिलाफ खेलेगा। बांग्लादेश के साथ यह मुकाबला नेपाल के इंग्लैंड दौरे 2027 का हिस्सा है, जिसमें उसे स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाफ भी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं।
दौरे का कार्यक्रम इस प्रकार है: 1 जून 2027 को स्कॉटलैंड के खिलाफ पहला वनडे (वॉर्म्सली), 3 जून 2027 को बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टी20 इंटरनेशनल (लॉर्ड्स), 6 जून 2027 को आयरलैंड के खिलाफ दूसरा वनडे (वॉर्म्सली), 9 जून 2027 को आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20 इंटरनेशनल (वॉर्म्सली) और 11 व 12 जून 2027 को आयरलैंड के खिलाफ दूसरा और तीसरा टी20 इंटरनेशनल (बेकनहैम)। इस तरह नेपाल कुल छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगा।
बांग्लादेश की टीम भी अगले साल इंग्लैंड दौरे पर रहेगी और 28 मई 2027 से लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलेगी। बांग्लादेश 17 साल बाद इस मैदान पर टेस्ट खेलेगा। नेपाल और बांग्लादेश के बीच अब तक दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं, दोनों टी20 वर्ल्ड कप (2014 और 2024) में, और दोनों में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की है।
नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAN) के अध्यक्ष चतुर बहादुर चंद ने इसे देश के क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, "हम बांग्लादेश के खिलाफ इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए लॉर्ड्स के मैदान पर लौटने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह लॉर्ड्स में किसी आईसीसी फुल मेंबर देश के खिलाफ नेपाल का पहला मुकाबला होगा।" उन्होंने एमसीसी, ईसीबी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और क्रिकेट आयरलैंड का आभार भी जताया। मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर रॉब लॉसन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नेपाल क्रिकेट बोर्ड के साथ उनके संबंध मजबूत हुए हैं और उन्होंने नेपाल में क्रिकेट के प्रति फैंस के जुनून की सराहना की।
