मथुरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर दिए विवादित बयान के बाद विरोध तेज हो गया है। माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से शहर में ऐसे बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण को धीरेंद्र शास्त्री को पीटते हुए दिखाया गया है। परिषद ने कंस वध मेले को लेकर निकाली गई शोभायात्रा में सबसे आगे इस विवादित बैनर की झांकी चलाई।

परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विवादित बयान देने और फिर माफी मांगने का ट्रेंड बन गया है, लेकिन केवल माफी से गलती खत्म नहीं होती। पाठक ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की नगरी है और ब्रजवासी अपने आराध्य का अपमान नहीं सहेंगे।

धीरेंद्र शास्त्री के वृंदावन आने की चर्चा पर राजन पाठक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ब्रज के राजा का अपमान करके यहां से शांति से निकल जाने की भूल न की जाए। उन्होंने कहा कि मथुरावासी उन्हें माफ नहीं करेंगे और मथुरा आने पर उनका उचित स्वागत और इलाज किया जाएगा।

बीते दिनों एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण की तुलना करते हुए कान्हा के स्वरूप पर टिप्पणी की थी। विवाद बढ़ने पर उन्होंने माफी मांग ली थी, लेकिन ब्रज के तीर्थ पुरोहितों और धार्मिक संगठनों की नाराजगी कम नहीं हुई है। विवादित पोस्टरों के सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।