नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट ने पितमपुरा के एक पार्क में खुले सीवर में गिरकर दो बच्चों की जान गंवाने के मामले में अहम फैसला सुनाया है। जस्टिस जस्मीत सिंह की अदालत ने इस घटना के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) को जिम्मेदार ठहराते हुए दोनों बच्चों के परिवारों को मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

यह हादसा 16 अप्रैल 2010 को पितमपुरा के एसयू ब्लॉक स्थित डीडीए पार्क में हुआ था। यहां करीब 11 साल का रोबियल और 12 साल का अर्जुन खुले सीवर या मैनहोल में गिर गए थे। दोनों बच्चे पार्क में कबाड़ इकट्ठा कर रहे थे। हादसे के समय डीजेबी की ओर से सीवर में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। बच्चों के माता-पिता ने 2016 में हाई कोर्ट में अलग-अलग याचिकाएं दाखिल कर मुआवजे की मांग की थी।

अदालत ने कहा कि सार्वजनिक पार्क का रखरखाव करने वाली एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वहां आने वाले लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। डीडीए ने निर्माण कार्य डीजेबी की ओर से कराए जाने का हवाला दिया था, जबकि डीजेबी ने सीवर के आसपास 4-5 फीट ऊंची दीवार होने की दलील दी थी। कोर्ट ने इन तर्कों को पर्याप्त नहीं माना। अदालत ने कहा कि इतनी कम उम्र के बच्चों से वयस्कों जैसी समझ और सावधानी की उम्मीद नहीं की जा सकती। पार्क के रखरखाव में भूमिका नहीं होने के कारण एमसीडी को जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया।

कोर्ट ने प्रत्येक परिवार के लिए 11,00,627 रुपये का मुआवजा तय किया, जिसे बढ़ाकर 11.01 लाख रुपये किया गया। इस पर याचिका दाखिल करने की तारीख से भुगतान होने तक 9 फीसदी साधारण सालाना ब्याज भी देना होगा। इसके अलावा, दोनों परिवारों को 1-1 लाख रुपये मुकदमे के खर्च के लिए मिलेंगे।