चीन की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ने और वहां घरेलू मांग कमजोर रहने का असर विदेशी कंपनियों की रणनीति पर दिखने लगा है। कंपनियां चीन पर निर्भरता घटाकर भारत, वियतनाम और दूसरे एशियाई देशों में कारोबार बढ़ा रही हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अमेरिकी स्पोर्ट्सवियर कंपनी नाइकी अगले 5 साल में भारत में अपना कारोबार 3 गुना करना चाहती है। इसके लिए कंपनी क्रिकेट, रनिंग और ट्रेनिंग से जुड़े प्रोडक्ट पर फोकस करेगी। नाइकी पहले ही मुंबई इंडियंस के साथ साझेदारी कर चुकी है और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले क्रिकेट प्रोडक्ट की नई रेंज लॉन्च करने की योजना बना रही है।

भारत में स्पोर्ट्सवियर बाजार तेजी से बढ़ रहा है। यूरोमॉनिटर के अनुमान के मुताबिक, यह बाजार 2030 तक 10% बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 14 अरब डॉलर का हो सकता है। इस बाजार में नाइकी के अलावा एसिक्स और प्यूमा जैसी ग्लोबल कंपनियां भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने में जुटी हैं। फिटनेस को लेकर बढ़ती जागरूकता और खेलों में बढ़ती भागीदारी से स्पोर्ट्सवियर की मांग बढ़ रही है।

चीन की जीडीपी ग्रोथ 2026 की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 4.5% रही, जबकि सरकार का पूरे साल के लिए 4.5% से 5% ग्रोथ का लक्ष्य है। अक्टूबर में चीन का फैक्ट्री उत्पादन 4.8% बढ़ा, जो सितंबर में 5.5% था। रियल एस्टेट, कच्चे माल और घरेलू ऑटो बिक्री जैसे पारंपरिक क्षेत्रों पर दबाव है और अक्टूबर में खुदरा बिक्री सिर्फ 0.4% बढ़ी। घरेलू मांग की कमजोरी चीन की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

अनुमानों के मुताबिक, 2026 में भारत की ग्रोथ करीब 7% और वियतनाम की करीब 8.4% रहने की उम्मीद है, जबकि चीन की ग्रोथ 4.5% से 5% रहने का अनुमान है। तेज आर्थिक विकास, बड़ा बाजार और बढ़ती खपत इन देशों को विदेशी कंपनियों के लिए आकर्षक बना रहे हैं। अमेरिका-चीन व्यापार तनाव, आयात शुल्क, भू-राजनीतिक जोखिम और चीन में बढ़ती लागत भी कंपनियों को सप्लाई चेन बदलने के लिए प्रेरित कर रही है। चीन में सुस्ती के कारण पहले भी कई ग्लोबल कंपनियां वहां कारोबार घटा चुकी हैं, जिनमें जापानी कंपनियां, Volkswagen, Mercedes-Benz और Jaguar Land Rover शामिल हैं।