मध्य प्रदेश के वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व का पहला 10 वर्षीय कंजर्वेशन प्लान तैयार किया गया है। इस प्लान का उद्देश्य रिजर्व को देश के प्रमुख ईको टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करना है। प्लान के अनुसार नौरादेही देश का इकलौता ऐसा टाइगर रिजर्व होगा जहां बाघ, तेंदुआ और चीता एक साथ विचरण करते नजर आएंगे। सैलानियों के लिए यहां भारतीय भेड़िया और गिद्ध भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

वन विभाग के प्लान के तहत रिजर्व के कोर एरिया के करीब 20 प्रतिशत हिस्से यानी लगभग 280 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को सैलानियों के लिए खोलने की तैयारी है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों की सीमाओं में चार नए ईको टूरिज्म जोन प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें सागर जिले में हिनौती और बीना-बारह, दमोह जिले में झापन, ब्यावरा और सिंग्रामपुर (कॉरिडोर-2 के तहत) तथा नरसिंहपुर जिले में डमरगांव-सारसला क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सफारी ट्रैक और बुनियादी पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय ग्रामीण युवाओं को गाइड, जिप्सी संचालन और होम-स्टे जैसे रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

पर्यटन के साथ-साथ वन्यजीवों को सुरक्षित और बड़ा दायरा देने के लिए नौरादेही को राज्य के चार अन्य प्रमुख टाइगर रिजर्व से जोड़ने की योजना है। इसके तहत तीन बड़े वाइल्डलाइफ कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। पहला कॉरिडोर नौरादेही को पन्ना और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से, दूसरा कान्हा टाइगर रिजर्व से और तीसरा रातापानी टाइगर रिजर्व से जोड़ेगा।

प्लान में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास पर विशेष ध्यान दिया गया है। चीतों की निगरानी के लिए पहली बार थर्मल ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और जंगल के भीतर पेट्रोलिंग कैंपों की संख्या बढ़ाई जाएगी। विस्थापन के बाद खाली हुई जमीन पर चीतों और बाघों के भोजन के लिए बड़े स्तर पर घास के मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां काले हिरण, चिंकारा और नीलगाय की संख्या बढ़ाई जाएगी। भालुओं के संरक्षण के लिए भी रिजर्व में एक विशेष जोन तैयार किया जाएगा। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की गाइडलाइन के मुताबिक बने इस प्लान को मंजूरी मिलते ही धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।